ग्रेटर नोएडा में महिलाओं ने लगाया फर्जी बैनामे का आरोप, डीसीपी से लगाई न्याय की गुहार, जमीन कब्जाने की भी शिकायत

top-news
ग्रेटर नोएडा के गुनपुरा गांव की तीन महिलाओं ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पीड़िताओं ने डीसीपी से शिकायत कर आरोपियों पर कार्रवाई और जमीन की सुरक्षा की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा के गुनपुरा गांव की तीन महिलाओं ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उनकी जमीन का फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे तीनों महिलाएं डीसीपी ग्रेटर नोएडा कार्यालय पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। पीड़िताओं का आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी जमीन का अवैध तरीके से बैनामा कर दिया गया, जबकि इसके बदले उन्हें कोई धनराशि भी नहीं दी गई। साथ ही अब आरोपी जमीन पर कब्जा करने का दबाव बना रहे हैं।


पांच लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप

पीड़ित महिलाओं लक्ष्मी, सुदेश और जगना ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है। इनमें दो आरोपी गुनपुरा गांव के रहने वाले हैं, जबकि तीन अन्य पड़ोसी गांव अट्टा गुजरान के निवासी हैं। महिलाओं का आरोप है कि सभी ने मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उनकी जानकारी के बिना जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास भी शुरू कर दिया।


विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

महिलाओं का कहना है कि जब वे इस मामले को लेकर आरोपियों से बात करने उनके घर पहुंचीं तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले दनकौर कोतवाली में भी शिकायत दी गई थी, लेकिन वहां कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डीसीपी ग्रेटर नोएडा से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।


निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का मिला आश्वासन

पीड़िताओं ने डीसीपी कार्यालय में शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी सौंपे हैं। उन्होंने फर्जी बैनामे को निरस्त कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उनकी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। डीसीपी कार्यालय की ओर से मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद महिलाओं ने निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *