ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों को मिली बड़ी सौगात, 2600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगेंगी, अगले महीने से शुरू होगा काम

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में 2600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी पूरी हो गई है। 3.5 करोड़ रुपये की इस परियोजना का काम अगले एक महीने में शुरू होगा। इससे डार्क जोन खत्म होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व रोशनी बेहतर होगी।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में जल्द ही अंधेरे वाले क्षेत्रों की तस्वीर बदलने जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने करीब 2600 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। इस परियोजना पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया और सर्वे का काम पूरा हो चुका है, जबकि अगले एक महीने के भीतर लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस पहल से गांवों में डार्क जोन खत्म होंगे, रात के समय आवागमन सुरक्षित होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिलेगी।


17 गांवों में होगा काम, सुरक्षा के साथ बढ़ेगी सुविधाएं

प्राधिकरण के अनुसार सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन सभी गांवों में पहले से चिन्हित अंधेरे स्थानों पर नई लाइटें स्थापित की जाएंगी। इससे ग्रामीणों को रात में आने-जाने में आसानी होगी और अपराध की संभावनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


टेंडर और सर्वे पूरा, अगले महीने शुरू होगा कार्य

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही सभी स्थानों का सर्वे कर लाइट लगाने की लोकेशन भी तय कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अब एजेंसी को कार्य सौंपने की प्रक्रिया पूरी होते ही अगले एक महीने में स्थापना का काम शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद पूरे क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था और बेहतर होगी।


एक लाख से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें पहले ही लगाई जा चुकी हैं

प्राधिकरण लगातार पुराने सोडियम स्ट्रीट लाइट सिस्टम को हटाकर ऊर्जा दक्ष एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगा रहा है। अब तक ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और गांवों में एक लाख से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। इस अभियान का उद्देश्य बिजली की बचत के साथ बेहतर रोशनी उपलब्ध कराना और डार्क जोन को पूरी तरह समाप्त करना है।


अधिकारियों ने क्या कहा

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सभी चिन्हित डार्क जोन में चरणबद्ध तरीके से एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 17 गांवों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक महीने में काम शुरू कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइटें केवल अंधेरा दूर करने के लिए ही नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी बेहद जरूरी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *