नोएडा में दो मंजिला मकान अचानक हुआ जमींदोज, नाला निर्माण के दौरान कमजोर हुई नींव, बाल-बाल बचे लोग
- Shiv Kumar
- 16 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित तिलपता गांव में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां निर्माणाधीन दो मंजिला मकान अचानक महज 5 सेकेंड में भरभराकर ढह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मकान के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूरी इमारत पलभर में जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
नाला निर्माण की खुदाई से कमजोर हुई नींव, अचानक ढह गई इमारत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान के पास ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से पिछले करीब दो महीने से नाला निर्माण का कार्य चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जेसीबी से लगातार हो रही खुदाई के कारण मकान की नींव कमजोर होती चली गई। जैसे-जैसे गड्ढा गहरा हुआ, वैसे-वैसे इमारत नीचे बैठती गई और आखिरकार अचानक ढह गई। हादसे में बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
प्रशासन ने शुरू की जांच, सुरक्षा मानकों की होगी पड़ताल
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सुरक्षित दूरी से घटना का वीडियो बनाया। एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ओमप्रकाश द्वारा मकान और दुकान का निर्माण कराया जा रहा था। पास में सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते मकान ढह गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और नाला निर्माण के दौरान बरती गई सावधानियों की जांच कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






