ग्रेटर नोएडा में किसान सम्मेलन में पहुंचे सांसद संजय सिंह, बोले- किसानों के मुद्दों पर सड़क से सदन तक उठेगी आवाज
- Shiv Kumar
- 17 Jul, 2026
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की ओर से आयोजित किसान प्रकोष्ठ सम्मेलन में हिस्सा लिया। नॉलेज पार्क स्थित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पार्टी पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि बड़ी संख्या में पहुंचे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना, उन्हें संगठित करना और उनके मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति तैयार करना रहा।
किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा
सम्मेलन के दौरान किसानों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, विकसित भूखंड, सिंचाई, फसलों की लागत और अन्य स्थानीय समस्याओं को राज्यसभा सांसद संजय सिंह के सामने रखा। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने जिलों से जुड़े किसान हितों के मुद्दों को साझा किया। पार्टी नेताओं ने भरोसा दिलाया कि किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
आगे की रणनीति पर हुआ मंथन
सम्मेलन में आगामी दिनों में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन और जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर भी चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा। सम्मेलन में संगठन को और मजबूत करने तथा प्रदेशभर में किसान प्रकोष्ठ की गतिविधियों को विस्तार देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। सम्मेलन के जरिए पार्टी ने किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संदेश देने की कोशिश की।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






