ग्रेटर नोएडा के शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, खाना खाते समय अचानक चली गोली, दो लोग गंभीर रूप से घायल

top-news
साकीपुर गांव के आशीर्वाद मैरिज होम में रविवार को बिसरख गांव से बरात आई थी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में शादी समारोह में बड़ी घटना हो गई। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की गई, जिससे 2 खाना बना रहे हलवाइयों को गोली लग गई। जिसके बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। वहीं, हर्ष फायरिंग करने के आरोपी मौके से फरार हो गए। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर गांव स्थित आशीर्वाद मैरिज होम में रविवार को शादी समारोह चल रहा था। तभी हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

साकीपुर गांव में बिसरख गांव से आई थी बरात

एडीसीपी हृदेश कठेरिया के अनुसार, साकीपुर गांव के आशीर्वाद मैरिज होम में रविवार को बिसरख गांव से बरात आई थी। चढ़त के बाद सभी लोग खाना खा रहे थे। इसी बीच किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिससे वेटर व हलवाई को गोली लग गई और वह घायल हो गए। घायलों की पहचान मध्यप्रदेश के जिला मुरैना निवासी संतोष (35) व फिरोजाबाद निवासी ईश्वर दयाल (23) के रूप में हुई है। एक के गले व दूसरे के कंधे में गोली लगी है।

गोली चलते ही मची भगदड़

बारात में शामिल लोगों ने बताया कि साढ़े 10 बजे के करीब लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी ने फायरिंग शुरू कर दी थी। एक के बाद एक दो गोलियां चली।जिससे  दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। खून से लथपथ देख महमानों के होश उड़ गए। फायरिंग से पंडाल में भी अफरातफरी मच गई।  पुलिस के मौके पर पहुंचने तक ज्यादातर बराती खिसक लिए।  एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश जारी है। बता दें कि एक सप्ताह पहले भी नोएडा में हर्ष फायरिंग हुई थी। जिसमें गोली लगने से 2 वर्ष के मासूम बच्चे की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *