ग्रेटर नोएडा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिली रफ्तार, प्राधिकरण के अधिकारियों ने ईकोटेक-3 में किया पौधरोपण
- Shiv Kumar
- 17 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-3 में सड़क किनारे विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान में प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी का महत्वपूर्ण कदम बताया।
अधिकारियों ने लगाए पीपल, नीम और अमलतास के पौधे
पौधरोपण कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी सुरभि श्रीवास्तव के साथ पौधे लगाए। उनके साथ एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ सुमित यादव, ओएसडी अर्चना द्विवेदी, डीजीएम उद्यान एस.के. जैन, वरिष्ठ प्रबंधक अजीत भाई पटेल समेत अन्य अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया। इस दौरान पीपल, नीम और अमलतास जैसे पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण तभी सफल होगा, जब उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
जनभागीदारी बढ़ाने की अपील, उद्योग संगठन भी रहे शामिल
एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने ग्रेटर नोएडा के नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का छोटा प्रयास भी शहर को हराभरा बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में प्रबंधक प्रशांत समाधिया, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल के साथ इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, सुनील दत्त, राकेश अग्रवाल, नरेश चौहान, एस.के. शर्मा, सुधीर त्यागी सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






