नोएडा में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर 76 लाख की ठगी, पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने किया इनकार

top-news
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो लोगों से 76 लाख रुपये ठग लिए। एक पीड़ित से फर्जी कंपनी के नाम पर 46 लाख और दूसरे से व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए 30 लाख रुपये की ठगी हुई।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का लालच देकर दो लोगों से कुल 76 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक मामले में रिटायर्ड कर्मचारी से फर्जी निवेश कंपनी के नाम पर 46 लाख रुपये ऐंठ लिए गए, जबकि दूसरे मामले में व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर निजी कंपनी के कर्मचारी से 30 लाख रुपये ठग लिए गए। दोनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से भी ऐसे निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।


रिटायर्ड कर्मचारी को कंपनी में निवेश का झांसा देकर 46 लाख ठगे

साइबर थाना पुलिस के अनुसार, पहला मामला सेक्टर-89 निवासी 60 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी से जुड़ा है। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने इंटरनेट पर मार्वेलस माइनिंग कंपनी की जानकारी देखी थी। इसके बाद खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और इंदौर में कंपनी का मुख्य कार्यालय होने का दावा किया। आरोप है कि ठगों ने दोगुना मुनाफा देने का भरोसा दिलाते हुए अक्टूबर 2024 तक उनसे करीब 46 लाख रुपये निवेश करा लिए। भरोसा जीतने के लिए पोस्ट डेटेड चेक और नोटरीकृत स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी दिया गया। फरवरी 2025 से कंपनी ने मासिक रिटर्न देना बंद कर दिया और मूलधन भी वापस नहीं किया। कंपनी संचालक से संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही।


व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए 30 लाख की ठगी, पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

दूसरा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एसकेए ग्रीनआर्च सोसाइटी निवासी 43 वर्षीय निजी कंपनी कर्मचारी का है। शिकायत के अनुसार, उन्हें एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर संपर्क कर निवेश से जुड़े दो ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में शेयर बाजार में निवेश पर दोगुना मुनाफा मिलने का दावा किया गया। झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में 30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में रकम वापस मांगने पर संपर्क टूट गया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन की जांच कर आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मिलने वाले निवेश के प्रस्तावों पर बिना जांच भरोसा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *