नोएडा में बंदरों के हमले से बुजुर्ग की मौत, छत से गिरने से गई जान, तीन अन्य लोग भी घायल, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में बंदरों के हमले से छत से गिरे 60 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। बढ़ते आतंक के बीच नगर पंचायत से बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग उठी है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बंदरों के हमले से छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय बुजुर्ग की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं शुक्रवार को ही तीन अन्य लोग भी बंदरों के हमले में घायल हो गए। लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वार्ड-7 के सभासद ने नगर पंचायत से तत्काल विशेष अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।


बंदरों से बचने के प्रयास में छत से गिरे, इलाज के दौरान तोड़ा दम

वार्ड-7 के सभासद मोहित के अनुसार, प्रेमनगर मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय कलुआ गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर की छत पर बैठे थे। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छत से नीचे गिर पड़े। हादसे में उनकी गर्दन की हड्डी टूट गई। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


तीन और लोग घायल, नगर पंचायत से विशेष अभियान चलाने की मांग

शुक्रवार को कस्बे के रामपाल, महेश और शाहिद भी बंदरों के काटने से घायल हो गए, जिनका इलाज कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के बढ़ते आतंक के कारण अब छतों पर जाना और बच्चों को अकेले बाहर भेजना भी मुश्किल हो गया है। दिनभर बंदरों के झुंड गलियों और मकानों की छतों पर घूमते रहते हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। सभासद मोहित ने नगर पंचायत प्रशासन को ज्ञापन देकर बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है। नगर पंचायत अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिल गई है और जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *