Breaking News

नोएडा की सोसाइटी में पिटबुल डॉग को लेकर बवाल, फ्लैट खाली कराने की मांग के बीच पुलिस ने कराया समझौता

top-news
नोएडा के सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टारिया सोसाइटी में पिटबुल डॉग को लेकर देर रात हंगामा हो गया। निवासियों ने किरायेदार पर पहले भी लोगों को कटवाने का आरोप लगाते हुए फ्लैट खाली कराने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टारिया सोसाइटी में शनिवार देर रात पिटबुल डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोसाइटी के निवासियों ने एक किरायेदार पर आरोप लगाया कि उसके पाले गए पिटबुल ने पहले भी कई लोगों पर हमला किया है, जिससे लोग भय के माहौल में रह रहे हैं। नाराज लोगों ने किरायेदार से फ्लैट खाली करने और पिटबुल को सोसाइटी से हटाने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।


घर में अकेला था बेटा, दोस्तों को बुलाने से बढ़ा तनाव

जानकारी के अनुसार, जब सोसाइटी के लोग किरायेदार से बात करने पहुंचे, उस समय घर की महिला बाहर गई हुई थी और उसका बेटा घर में अकेला था। बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ देखकर वह घबरा गया और उसने अपने कुछ दोस्तों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और सोसाइटी में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।


पुलिस ने कराया समझौता, कानूनी प्रक्रिया की दी जानकारी

थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की और माहौल शांत कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पिटबुल डॉग से जुड़े मामले में नियमानुसार संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा। वहीं, किसी किरायेदार से फ्लैट खाली कराने का मामला न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है और इसके लिए कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल सोसाइटी में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *