ग्रेटर नोएडा में स्पा सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, चार सेंटर सील, 28 युवतियां मिलीं, 15 लोग हिरासत में

top-news
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 क्षेत्र में चार स्पा सेंटरों पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिक यूनिट और महिला पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई में 28 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 15 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 ग्रेटर नोएडा में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के खिलाफ शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई की गई। एंटी ह्यूमन ट्रैफिक यूनिट (AHTU) और महिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बीटा-2 थाना क्षेत्र के साइट-4 स्थित एक कॉम्प्लेक्स में संचालित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 28 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 15 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। छापेमारी के दौरान परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई

डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति सिंह ने बताया कि बीटा-2 थाना क्षेत्र के कुछ स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिक यूनिट ने एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) के सहयोग से शनिवार शाम गुप्त रूप से छापेमारी की। जांच के दौरान चारों स्पा सेंटरों में कथित तौर पर अवैध गतिविधियां संचालित होती मिलीं।


मुकदमा दर्ज, आगे की जांच जारी

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 28 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, 15 लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *