ग्रेटर नोएडा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, 8 चोरी की बाइक, तमंचा और चाकू बरामद
- Shiv Kumar
- 19 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा की बिसरख थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। शनिवार को की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के चोरी करने के तरीके का भी खुलासा किया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
नो-पार्किंग में खड़ी बाइक बनती थीं निशाना
शनिवार को एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने सूरजपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने सेक्टर-2 स्थित 10th एवेन्यू रोड के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान कुशलवीर और सनी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नो-पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। वे मास्टर चाबी की मदद से कुछ ही सेकंड में बाइक चोरी कर लेते थे, जबकि कई बार हाथ से लॉक तोड़कर भी वाहन लेकर फरार हो जाते थे।
दिल्ली-एनसीआर से चोरी की गई थीं बाइक
पुलिस की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जांच में पता चला कि ये सभी बाइक गौतमबुद्धनगर और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई थीं। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, टीवीएस अपाचे समेत अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के कई थानों में वाहन चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
बिसरख थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के वाहनों को कहां और किसके माध्यम से बेचा जाता था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






