नोएडा में कूड़ा मिलने पर सीनियर मैनेजर की होगी जवाबदेही, सफाई व्यवस्था पर सीईओ कृष्ण करुणेश का सख्त निर्देश

top-news
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। अब किसी भी क्षेत्र में कूड़ा मिलने पर संबंधित सीनियर मैनेजर जिम्मेदार होंगे। नालों की सफाई, कूड़ा उठान और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए।

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्ण करुणेश ने जन स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के किसी भी क्षेत्र में कूड़ा मिलने पर संबंधित वर्क सर्कल के सीनियर मैनेजर (एसएम) की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।


नालों की सफाई में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

समीक्षा बैठक के दौरान सीईओ ने नालों की सफाई, सड़क रखरखाव और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। नालों की समय पर सफाई नहीं होने, सड़कों पर कूड़ा जमा रहने और शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नालों की सफाई में लापरवाही के कारण जलभराव की समस्या बढ़ रही है, जिसे हर हाल में रोकना होगा। साथ ही सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।


स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर भी दिए विशेष निर्देश

सीईओ कृष्ण करुणेश ने कहा कि शहर में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, नाले, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर कहीं भी कूड़ा नहीं दिखना चाहिए। निरीक्षण के दौरान यदि किसी क्षेत्र में गंदगी पाई गई तो संबंधित सीनियर मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता अभियान में तेजी लाकर नोएडा की रैंकिंग बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *