ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए मिलकर सुलझाएंगे सेक्टरों की समस्याएं, नियमित बैठकों का शेड्यूल जारी

top-news
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए अब मिलकर सेक्टरों की समस्याओं का समाधान करेंगे। अधिकारियों और निवासियों के बीच नियमित बैठकें होंगी। पहली बैठक में सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क, ड्रेनेज, आवारा कुत्तों और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं पर चर्चा हुई।

शहर के आवासीय सेक्टरों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के प्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे। प्राधिकरण के अधिकारी नियमित रूप से आरडब्ल्यूए और फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी लेंगे और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण कराएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर बैठकों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस की ओर से प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में टीम गठित की गई है। इस टीम में प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहेंगे। शनिवार को पहली बैठक फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, नेफोवा और नेफोमा के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की गई। बैठक दो पालियों में हुई, जिसमें सेक्टरों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।




स्ट्रीट लाइट, सफाई और ड्रेनेज की समस्याएं उठीं

बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने की। इसमें महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक, उद्यान विभाग, जल-सीवर और विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सेक्टरों में सड़क सफाई, कूड़ा उठान, नालियों और ड्रेनेज की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की मरम्मत जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर, आलोक नागर और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि कई सेक्टरों में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट खराब हैं, जिससे रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने खराब पोल की जल्द मरम्मत कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। प्राधिकरण अधिकारियों ने सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का आश्वासन दिया।




आवारा कुत्तों और पार्कों की समस्या पर भी चर्चा

बैठक में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि निर्धारित स्थानों पर डॉग फीडिंग पॉइंट बनाए जाएं, जिससे लोगों को परेशानी न हो। इस पर प्रधान महाप्रबंधक ने संबंधित विभाग को आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेक्टरों के पार्कों में नियमित साफ-सफाई और अनुरक्षण कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए। प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि फॉगिंग कराने के दौरान सेक्टर प्रवेश द्वार पर तैनात गार्ड या स्थानीय निवासियों को साथ रखा जाएगा। फॉगिंग पूरी होने के बाद निवासियों से हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे। इसी तरह सफाई, पेड़ों की छंटाई और अन्य कार्यों के बाद भी नागरिकों से पुष्टि कराई जाएगी। प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि सड़क, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों की सफाई का कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।


ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं पर भी हुई चर्चा

शनिवार को नेफोमा और नेफोवा प्रतिनिधियों के साथ हुई दूसरी बैठक में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी और रश्मि पांडेय ने क्षेत्र में ट्रैफिक जाम, खराब सड़कें और अतिक्रमण जैसी समस्याएं उठाईं। प्राधिकरण अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि आरडब्ल्यूए और निवासियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाएगा, ताकि शहर की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *