नोएडा मेट्रो यात्रियों को बड़ी राहत, 23 करोड़ की लागत से 21 स्टेशनों पर 'वन नेशन-वन कार्ड' सुविधा होगी शुरू
- Shiv Kumar
- 20 Jul, 2026
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लाखों मेट्रो यात्रियों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) एक्वा लाइन पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) यानी 'वन नेशन-वन कार्ड' सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत एक्वा लाइन के सभी 21 स्टेशनों पर लगे 200 ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेट अपग्रेड किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए एनएमआरसी ने टेंडर जारी कर दिया है और इच्छुक कंपनियां 30 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। इस अपग्रेड के बाद यात्रियों को अधिक तेज, सुरक्षित और निर्बाध टिकटिंग सुविधा मिलने की उम्मीद है।
23 करोड़ रुपये की परियोजना, एयरपोर्ट यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
एनएमआरसी के अनुसार, इस परियोजना पर करीब 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आगामी संचालन को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को एकीकृत और आधुनिक टिकटिंग सिस्टम उपलब्ध कराया जा सके। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के जरिए यात्री एक ही कार्ड से विभिन्न सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा मौजूदा एएफसी गेटों में आने वाली तकनीकी समस्याओं को भी इस अपग्रेड के जरिए दूर किया जाएगा।
चार साल तक रखरखाव भी करेगी चयनित एजेंसी
एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि चयनित एजेंसी सभी एएफसी गेटों को एनसीएमसी के अनुरूप अपग्रेड करेगी। साथ ही अगले चार वर्षों तक इन गेटों के संचालन, रखरखाव और तकनीकी देखरेख की जिम्मेदारी भी उसी एजेंसी के पास रहेगी। गौरतलब है कि एक्वा लाइन पर मेट्रो सेवा वर्ष 2019 में शुरू हुई थी और उसी समय लगाए गए एएफसी गेट अभी तक उपयोग में हैं। बाद में इन्हें मोबाइल ऐप आधारित टिकटिंग के लिए अपग्रेड किया गया था, लेकिन कई स्टेशनों पर तकनीकी खराबियां लगातार सामने आती रही हैं। नए सिस्टम से यात्रियों का सफर और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






