ग्रेटर नोएडा में फर्जी रजिस्ट्री कर 3 करोड़ से ज्यादा की ठगी का आरोपी गिरफ्तार, जारचा पुलिस ने गाजियाबाद से दबोचा
- Shiv Kumar
- 20 Jul, 2026
गौतमबुद्धनगर के जारचा थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के जरिए तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से सोमवार को आरोपी को गाजियाबाद के लालकुआं क्षेत्र से दबोचा। मामले में आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोपी है। पुलिस इससे पहले इसी मामले में नौ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों की ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के करमनटोला आरा निवासी 54 वर्षीय शशिरंजन प्रसून के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मुकदमे के वादी के साथ फर्जी रजिस्ट्री कर तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। मामले में थाना जारचा में अलग-अलग छह मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस पूरे गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।
पहले ही 9 आरोपी जा चुके हैं जेल
जारचा थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब फरार चल रहे शशिरंजन प्रसून को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और रजिस्ट्री कराने में किन-किन लोगों की भूमिका रही और क्या इस गिरोह ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है।
कई मुकदमों में था वांछित
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में वर्ष 2026 के छह अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। सभी मामलों में उस पर फर्जी रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






