ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा, सरियों से भरा ट्रक ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद नाले में गिरा, ड्राइवर की मौके पर मौत
- Shiv Kumar
- 21 Jul, 2026
बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला इलाके में मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदा एक ट्रक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर से टकराया, फिर नाले में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के पीछे लदी सरिया केबिन को चीरते हुए अंदर तक घुस गई, जिससे चालक ट्रक में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हाइड्रा और गैस कटर से दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद चालक ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने हाइड्रा क्रेन और गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर यातायात को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।
नींद की झपकी से हादसे की आशंका, चालक की हुई पहचान
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को चलते समय नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। ट्रक में करीब 10-10 टन के 20 बंडल सरिया लदे थे, जिन्हें हाइड्रा की मदद से हटाया जा रहा है। मृतक चालक की पहचान बुलंदशहर के चांदपुर कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम जेहरा निवासी 28 वर्षीय आमिर पुत्र मकसूद खान के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






