नोएडा में एंबुलेंस की आड़ में चल रही थी गांजा तस्करी, पुलिस ने 64 किलो गांजा और अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा

top-news
नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए गांजा तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा और बिना नंबर प्लेट की मारुति ईको एंबुलेंस बरामद हुई। बरामद गांजे की कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने झुंडपुरा बॉर्डर के पास से आरोपी को 64 किलोग्राम गांजे और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मारुति ईको एंबुलेंस के साथ पकड़ा। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।


एंबुलेंस से ओडिशा से दिल्ली पहुंचाता था गांजा

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए झुंडपुरा बॉर्डर के पास आरोपी ओमवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से विशेष किस्म का गांजा एंबुलेंस के जरिए दिल्ली और एनसीआर तक पहुंचाता था। एंबुलेंस होने के कारण टोल प्लाजा और पुलिस चेकिंग के दौरान उस पर कम संदेह होता था, जिसका फायदा उठाकर वह बड़ी मात्रा में गांजा एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाता था।


दिल्ली में छोटे पैकेट बनाकर करता था सप्लाई

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद वह गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल वह अपनी निजी जरूरतों और शौक पूरे करने में करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमवीर सिंह (48) पुत्र श्याम लाल निवासी ग्राम नागर, थाना अछनेरा, जिला आगरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 64 किलोग्राम गांजा और बिना नंबर प्लेट की मारुति ईको एंबुलेंस बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *