ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नई पहल, अब सेक्टरों में पहुंचकर सुनी जाएगी लोगों की समस्याएं, अल्फा-1 से शुरू हुआ शिकायत समाधान अभियान
- Shiv Kumar
- 21 Jul, 2026
शहर के रिहायशी सेक्टरों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है। अब प्राधिकरण की संयुक्त टीम अलग-अलग सेक्टरों में जाकर निवासियों से सीधे शिकायतें सुनेगी और उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएगी। मंगलवार को इस अभियान की शुरुआत सेक्टर अल्फा-1 से हुई। अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, पार्क और जल-सीवर से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
सीईओ के निर्देश पर बनाई गई संयुक्त टीम
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के लिए संयुक्त निरीक्षण टीम का गठन किया है। इस टीम में परियोजना, स्वास्थ्य, उद्यान, विद्युत अभियांत्रिकी और जल-सीवर विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। मंगलवार को परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में टीम ने सेक्टर अल्फा-1 का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
पीजी संचालकों और नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर निर्माण सामग्री और मलबा सड़कों के किनारे पड़ा हुआ है, जबकि कुछ पीजी के आसपास कूड़ा बिखरा मिला। इस पर अधिकारियों ने संबंधित पीजी संचालकों को नोटिस जारी करने और मलबा हटाने का खर्च मकान मालिकों से वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से अपील की गई कि कूड़ा केवल डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन वाहन में ही डालें। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसकी सूचना प्राधिकरण को दें, ताकि उसके खिलाफ जुर्माने सहित कार्रवाई की जा सके।
स्ट्रीट लाइट, पार्क और सड़क सुधार को मिलेगी प्राथमिकता
आरडब्ल्यूए की ओर से जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल बदलने, पार्कों के रखरखाव, रोड मार्किंग, स्पीड ब्रेकर बनाने और मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी गई। प्राधिकरण की टीम ने इन सभी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अन्य रिहायशी सेक्टरों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा और स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






