ग्रेनो वेस्ट मेट्रो परियोजना को आज मिल सकती है रफ्तार, PIB के सामने होगा 900 करोड़ के प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को बुधवार को बड़ा अपडेट मिल सकता है। NMRC 900 करोड़ रुपये की इस परियोजना का प्रस्ताव PIB के सामने पेश करेगा। मंजूरी मिलने पर 7.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के निर्माण का रास्ता साफ होगा, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में बुधवार को अहम कदम उठाया जाएगा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रेजेंटेशन पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) के सामने पेश करेगा। यदि बोर्ड से मंजूरी मिलती है, तो परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच जाएगी। लंबे समय से इस मेट्रो कॉरिडोर का इंतजार कर रहे लाखों लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण विकास माना जा रहा है।


7.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर बनेंगे पांच स्टेशन

एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश के अनुसार, प्रस्तावित मेट्रो लाइन नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (किसान चौक) तक जाएगी। करीब 7.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर पांच मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (किसान चौक) शामिल हैं। आगे चलकर इस कॉरिडोर को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) से जोड़ने की योजना है, जिससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक आवागमन और आसान हो सकेगा।


दो लाख से अधिक यात्रियों को मिलेगा लाभ

इस मेट्रो परियोजना के शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौड़ चौक और नोएडा के बीच सफर तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। एनएमआरसी का अनुमान है कि इससे रोजाना दो लाख से अधिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सड़क यातायात का दबाव कम होने से जाम की समस्या में भी राहत मिलने की संभावना है।


करीब 900 करोड़ रुपये होगी परियोजना की लागत

एनएमआरसी के अनुसार, इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 900 करोड़ रुपये है। यह परियोजना केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन है। PIB से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू होगा। परियोजना की लागत केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण संयुक्त रूप से वहन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *