ग्रेटर नोएडा के जेवर में महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान के लिए पुलिस ने शुरू की पड़ताल
- Shiv Kumar
- 22 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में गांव फलैदा के पास स्थित एक रजवाहे से मंगलवार शाम एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बुधवार सुबह से पुलिस ने आसपास के जिलों, विभिन्न थाना क्षेत्रों और सोशल मीडिया के जरिए महिला की शिनाख्त कराने का अभियान शुरू कर दिया है।
आठ से दस दिन पुराना होने का अनुमान
रबूपुरा कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे ग्रामीणों ने रजवाहे में शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र लगभग 54 वर्ष आंकी गई है। शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब आठ से दस दिन पुराना हो सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पहचान के लिए कई जिलों की पुलिस से संपर्क
महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्ध नगर समेत आसपास के जिलों और विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस से संपर्क किया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए भी शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ सकेंगी और जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






