बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना बना नया ट्रेंड, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

top-news
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सेक्टर-109 में भी ऐसा ही वाहन देखा गया। सड़क सुरक्षा को लेकर 'नाउ नोएडा' और 'नाउ उत्तर प्रदेश' ने इस मुद्दे को उठाते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसे दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़कों पर दौड़ते दिखाई देते हैं, जिनकी पीछे की नंबर प्लेट गायब होती है। यह केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। किसी दुर्घटना, हिट एंड रन या आपराधिक वारदात की स्थिति में ऐसे वाहनों की पहचान करना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद कई वाहन चालक बिना किसी डर के नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर वाहन चला रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही पर अब प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।


इकोटेक-3 फेज-1 में फिर दिखा बिना नंबर प्लेट का वाहन

23 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे 109, उद्योग क्षेत्र, फेज-1, इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा के पास एक चारपहिया वाहन बिना पीछे की नंबर प्लेट के सड़क पर चलता हुआ देखा गया। यह कोई अकेली घटना नहीं है। पिछले कुछ समय से शहर के कई हिस्सों में ऐसे वाहन लगातार नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर अभियान चलाती है, लेकिन बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की संख्या कम होती दिखाई नहीं दे रही। नागरिकों का मानना है कि यदि ऐसे मामलों में नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई की जाए तो नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाया जा सकता है।


'नाउ नोएडा' और 'नाउ उत्तर प्रदेश' लगातार उठा रहे हैं मुद्दा

सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर 'नाउ नोएडा' और 'नाउ उत्तर प्रदेश' लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं। दोनों समाचार माध्यमों का उद्देश्य प्रशासन और गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करना है, ताकि बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा सके। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक वाहन पर स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट होना अनिवार्य है। नियमों का पालन कराने के लिए केवल अभियान चलाना ही नहीं, बल्कि लगातार प्रभावी कार्रवाई भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *