ग्रेटर नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, 25 फोन बरामद
- Shiv Kumar
- 23 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 छीने गए मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद किया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर उनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
महंगे मोबाइल छीनकर सस्ते दाम में बेचते थे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रबूपुरा के तीर्थली गांव निवासी फैजान पठान और बुलंदशहर के ककोड़ निवासी फरमान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से राहगीरों के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। इसके बाद महंगे स्मार्टफोन कम कीमत पर बेचकर अवैध कमाई करते थे।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा छीने गए मोबाइल फोन किन लोगों को बेचे जाते थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






