ग्रेटर नोएडा में लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक के पैर में गोली लगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

top-news
ग्रेटर नोएडा में दादरी पुलिस और एसओजी की मुठभेड़ में स्नैचिंग गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए। एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने हथियार, नकदी और चोरी का सामान भी बरामद किया।

ग्रेटर नोएडा में दादरी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने गुरुवार देर रात स्नैचिंग करने वाले बदमाशों के गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस से बचकर भाग रहे बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, नकदी और चोरी का सामान भी बरामद किया है।


वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि दादरी पुलिस और ग्रेटर नोएडा एसओजी की संयुक्त टीम घोड़ी बछेड़ा से हजरतपुर नहर बंबा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग निकले। पीछा करने पर कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।


तीनों आरोपी बुलंदशहर के निवासी, हथियार और चोरी का सामान बरामद

घायल आरोपी की पहचान बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी आलम के रूप में हुई है। वहीं कॉम्बिंग अभियान के दौरान उसके दो साथी सद्दाम और जीशान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, स्नैच किया गया सोने का लॉकेट, वारदात में प्रयुक्त आर-15 मोटरसाइकिल, चोरी की चार जोड़ी चांदी की बिछिया, दो चांदी के सिक्के और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।


चेन स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातें कबूलीं

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चेन और मोबाइल स्नैचिंग के साथ-साथ बंद पड़े मकानों में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। उन्होंने हाल ही में एक महिला से चेन लूटने और म्यू सेक्टर में हुई चोरी की वारदात में शामिल होने की बात भी कबूल की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *