ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2 में बदले जाएंगे जर्जर बिजली के पोल, पार्कों में लगेंगी हाईमास्ट लाइटें, प्राधिकरण ने दिए जल्द कार्रवाई के निर्देश

top-news
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-2 का निरीक्षण कर निवासियों की समस्याएं सुनीं। जर्जर बिजली के पोल बदलने, पार्कों में हाईमास्ट लाइट लगाने, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रिहायशी सेक्टरों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-2 के ए और बी ब्लॉक का निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों से उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जर्जर बिजली के पोल बदले जाएंगे, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत होगी और पार्कों में हाईमास्ट लाइटें लगाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सेक्टर की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।


निवासियों ने रखीं सफाई, जलभराव और अतिक्रमण की समस्याएं

सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस द्वारा गठित संयुक्त टीम ने प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा के नेतृत्व में सेक्टर-2 का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्य गेट और मुख्य मार्ग पर ठेली-खोमचे वालों के जमावड़े को हटाने, पार्कों और ग्रीन बेल्ट के बेहतर रखरखाव, नालियों की नियमित सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सुधार और रोजाना सफाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके अलावा बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और सड़कों की मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।


बिजली व्यवस्था सुधारने और सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

निवासियों ने बताया कि सेक्टर में कई बिजली के पोल जर्जर हो चुके हैं और कई स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय लोगों को परेशानी होती है। इस पर प्राधिकरण के अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जर्जर पोल बदलने, खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने और पार्कों में हाईमास्ट लाइटें लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सेक्टर की सभी शिकायतों का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *