ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 एल्डिको सोसाइटी में एसटीपी टैंक सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा, दो की दम घुटने से मौत

top-news
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से सफाई कर्मचारी और उसे बचाने गए सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में शुक्रवार को एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण एक सफाई कर्मचारी और उसे बचाने गए सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।


सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय सफाई कर्मचारी शशिकांत शर्मा एसटीपी टैंक की सफाई के लिए अंदर उतरे थे। कुछ ही देर बाद जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गए। उन्हें संकट में देखकर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड आकाश बिना देर किए उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गए। हालांकि टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वह भी बेहोश हो गए।


फायर ब्रिगेड और पुलिस ने निकाला बाहर

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को टैंक से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि टैंक की सफाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। मामले में जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *