ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढे ने ली 6 साल के मासूम की जान, बोरिंग के लिए खुदाई के बाद नहीं की गई थी बैरिकेडिंग, प्राधिकरण पर उठे सवाल

top-news
ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसाइटी में खुले और पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। प्राधिकरण ने लापरवाही मानते हुए ठेकेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसाइटी में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम अव्यान की पानी से भरे खुले गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि यह गड्ढा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बोरिंग कार्य के लिए खुदवाया था, लेकिन उसे खुला छोड़ दिया गया। गड्ढे के चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्राधिकरण ने मामले में ठेकेदार, सुपरवाइजर और टेक्निकल सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।


क्रिकेट खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा मासूम

जानकारी के अनुसार, कलाधाम सोसाइटी निवासी सीवान यादव केंद्रीय विद्यालय में वाइस प्रिंसिपल हैं। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उनका छह वर्षीय बेटा अव्यान अपने दोस्तों के साथ पार्क के पास क्रिकेट खेल रहा था। खेलते समय वह बारिश के पानी से भरे करीब 8 से 10 फीट गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसका पैर फिसल गया। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे गड्ढे में उतरकर बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


लापरवाही पर कार्रवाई, ठेकेदार गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम आशुतोष गुप्ता मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी ली। अव्यान के पिता ने आरोप लगाया कि कई दिनों से गड्ढा खुला पड़ा था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने स्वीकार किया कि मामले में गंभीर लापरवाही हुई है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार मनोज जैन, सुपरवाइजर जॉनी और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। तीनों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और ठेकेदार को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। प्राधिकरण ने कहा कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *