नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट वर्षों से अपडेट नहीं, अधिकारियों के नंबर से लेकर परियोजनाओं तक की जानकारी पुरानी, आवंटियों ने उठाए सवाल
- Shiv Kumar
- 26 Jul, 2026
देश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और शहरी विकास प्राधिकरणों में शामिल नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट लंबे समय से अपडेट नहीं होने के कारण आवंटियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेबसाइट पर कई विभागों की जानकारी वर्षों पुरानी है, जबकि नई परियोजनाओं, अधिकारियों के संपर्क विवरण और ताजा प्रेस विज्ञप्तियों का भी अभाव है। इसे लेकर लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा है कि यह स्थिति डिजिटल इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप नहीं है।
शिकायत के बाद भी नहीं बदली स्थिति
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी मनीष कुमार ने बताया कि किसी अधिकारी का संपर्क नंबर खोजने के दौरान उन्हें पता चला कि वेबसाइट पर अधिकांश जानकारी पुरानी है। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 40014126016920 पर 29 जून को सिस्टम विभाग की ओर से कुछ जानकारियां अपडेट करने और बाकी विभागों का डेटा जल्द अपलोड करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, करीब एक महीने बाद भी वेबसाइट में अपेक्षित बदलाव नहीं किए गए।
महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विभागों का डेटा भी पुराना
शिकायतकर्ता का कहना है कि वेबसाइट पर नई परियोजनाओं, जैसे नए प्राधिकरण कार्यालय और चिल्ला एलिवेटेड रोड का उल्लेख तक नहीं है। वहीं, सेक्टर-93 के बारातघर को अब भी प्रमुख परियोजनाओं में दिखाया जा रहा है। वेबसाइट पर दो जुलाई के बाद कोई नई प्रेस विज्ञप्ति प्रकाशित नहीं हुई है और 24 जून के बाद कोई नया टेंडर भी अपलोड नहीं किया गया। कर्मचारियों के वेतन संबंधी अनुभाग भी अधूरा है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी जानकारी वर्ष 2022 के बाद अपडेट नहीं की गई है।
कई विभागों का रिकॉर्ड वर्षों पुराना
वेबसाइट पर बिजली विभाग की जानकारी वर्ष 2020, जनस्वास्थ्य विभाग 2022, उद्यान विभाग 2021, वार्षिक रिपोर्ट 2007-08 और बैलेंस शीट 2019-20 के बाद अपडेट नहीं की गई है। इतना ही नहीं, ट्रैफिक सेल खत्म होने के बावजूद महाप्रबंधक एसपी सिंह का नाम अब भी उसी पद पर दर्ज है। सेक्टर-34 निवासी मनीष शर्मा का कहना है कि वेबसाइट अपडेट न होने से अधिकारियों के मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी समय पर नहीं मिल पाती, जिससे शिकायतों के समाधान में भी देरी होती है।
प्राधिकरण ने जल्द अपडेट का दिया भरोसा
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि वेबसाइट को जल्द अपडेट किया जाएगा, ताकि लोगों को सही और ताजा जानकारी मिल सके। अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में प्राधिकरण का कार्यालय सेक्टर-6 से सेक्टर-96 में स्थानांतरित हुआ है। नए कार्यालय में सर्वर संबंधी तकनीकी दिक्कतों के कारण कई ऑनलाइन सेवाएं और विभागीय कार्य भी प्रभावित हुए हैं, जिन्हें जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






