कलाधाम हादसे पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, तीन अधिकारियों से छीने सभी दायित्व, दो के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजी

top-news
कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन अधिकारियों को सभी दायित्वों से हटाकर संबद्ध किया गया है, जबकि दो के निलंबन और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत के मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। घटना को गंभीर मानते हुए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन.जी. रवि कुमार ने लापरवाही के आरोपों में तीन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। जल विभाग में तैनात वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से उनके सभी दायित्वों से मुक्त करते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही दो अधिकारियों के निलंबन और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है। इस कार्रवाई को प्राधिकरण की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


जांच रिपोर्ट में सामने आई लापरवाही, सीईओ ने लिया कड़ा फैसला

प्राधिकरण के अनुसार, घटना के तुरंत बाद सीईओ के निर्देश पर ओएसडी अभिषेक पाठक और महाप्रबंधक ए.के. सिंह को संयुक्त जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में ठेकेदार, सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर के साथ-साथ जल विभाग के सहायक प्रबंधक मनोज कुमार, प्रबंधक गरिमा सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा की ओर से भी कार्य में लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट मिलने के बाद सीईओ ने तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी दायित्वों से मुक्त करने का आदेश दिया। साथ ही उन्हें ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया। प्राधिकरण का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और मामले में जवाबदेही तय की जा रही है।


शासन को भेजी गई कार्रवाई की संस्तुति, पहले ही दर्ज हो चुकी है एफआईआर

प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सहायक प्रबंधक मनोज कुमार, जो लोक निर्माण विभाग से प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं, उनके निलंबन और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति संबंधित शासन को भेज दी गई है। प्रबंधक गरिमा सिंह के निलंबन और विभागीय कार्रवाई की सिफारिश भी शासन को भेजी गई है। वहीं, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। इससे पहले प्राधिकरण ठेकेदार, सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और विभागीय प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *