ग्रेटर नोएडा में गोकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद मेहताब गिरफ्तार, तीन साथी फरार
- Shiv Kumar
- 28 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और कथित गोकशी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना दनकौर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-18, पॉकेट-5सी पार्क के पास एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसकी पहचान दनकौर थाना क्षेत्र के दौला रजपुरा गांव निवासी मेहताब पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है।
हथियार, चोरी की बाइक और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की मोटरसाइकिल, मेफेन्टरमाइन सल्फेट और लिग्नोकेन हाइड्रो क्लोराइड के इंजेक्शन, चार सीलबंद सिरिंज, दो चापड़, चार छुरियां, चार प्लास्टिक की रस्सियां और चार प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, फरार तीनों आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पूछताछ में गोकशी के मामले का खुलासा, पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
प्रारंभिक पूछताछ में घायल आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 जुलाई 2026 को गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना दनकौर में पहले से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में भी गौवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह की गतिविधियों का खुलासा होने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






