नोएडा में बारिश के बीच तेज हवाओं का असर, आसमान में छाए घने बादल, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
- Shiv Kumar
- 28 Jul, 2026
नोएडा में मंगलवार सुबह से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। शहर के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
दो दिन तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
बुधवार को भी बरसेंगे बादल, फिर बढ़ सकती है उमस
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को भी पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके चलते तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और कमी आने की संभावना है। हालांकि 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच केवल हल्की बारिश के आसार हैं और इस अवधि के लिए कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वातावरण में नमी 80 से 90 प्रतिशत तक रहने के कारण बारिश कम होने के बाद उमस फिर से लोगों को परेशान कर सकती है।
जलभराव रोकने के लिए प्राधिकरण ने बढ़ाई तैयारियां
संभावित भारी बारिश को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के प्रमुख नालों की सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकाला जा सके। इसके अलावा विभिन्न सड़कों पर बने गड्ढों को भरने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान यातायात प्रभावित न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






