ग्रेटर नोएडा में पुलिस को चकमा देकर भागा चेन स्नैचर, सोसाइटी के गार्ड्स ने दौड़ाकर दबोचा

top-news
ग्रेटर नोएडा के पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी में भागकर घुसे एक वांछित आरोपी को सुरक्षा गार्डों ने पुलिस की मदद से पकड़ लिया। आरोपी अलीगढ़ के एक मुकदमे में वांछित था और उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस अपने साथ ले गई।

ग्रेटर नोएडा के चूहरपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक वांछित आरोपी भागकर पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी में घुस गया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस उसके पीछे दौड़ी, जबकि सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों ने भी तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को दोबारा अलीगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद सोसाइटी में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते आरोपी के पकड़े जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।


अलीगढ़ पुलिस आरोपी की तलाश में पहुंची थी ग्रेटर नोएडा

पुलिस के अनुसार जनपद अलीगढ़ में दर्ज एक मुकदमे में वांछित आरोपी की तलाश में अलीगढ़ पुलिस गौतमबुद्धनगर पहुंची थी। स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी को ट्रेस किया गया। आरोपी डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है और डिलीवरी देने के लिए पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी पहुंचा था। पुलिस टीम ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह बचने के लिए सोसाइटी के अंदर भागने लगा।


सुरक्षा गार्डों ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

आरोपी के सोसाइटी में घुसते ही सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। गार्डों ने पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और कुछ ही देर में आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे अलीगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सोसाइटी के निवासियों ने सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से किसी भी तरह की अप्रिय घटना टल गई।


पुलिस ने दी घटना की जानकारी

पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी पुलिस हिरासत से फरार नहीं हुआ था, बल्कि उसे पकड़ने की कार्रवाई के दौरान वह पुलिस को देखकर भागने लगा था। पीछा करते हुए पुलिस टीम उसके पीछे सोसाइटी तक पहुंची, जहां सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। आरोपी को अलीगढ़ पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई है। पुलिस का कहना है कि मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *