नोएडा में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 59 लाख की साइबर ठगी, ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराकर बनाया शिकार
- Shiv Kumar
- 29 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-76 स्थित जेएम ऑर्किड सोसायटी में रहने वाले 65 वर्षीय एक रिटायर्ड व्यक्ति से ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने ₹59 लाख की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को सेबी से पंजीकृत स्टॉक ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पीड़ित को एक फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप में शामिल किया। शुरुआत में निवेश पर लाभ दिखाकर भरोसा जीतने के बाद ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में कई किश्तों में रुपये जमा कराए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। मामले में साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनजान मैसेज से शुरू हुई ठगी की कहानी
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी से सेवानिवृत्त हैं। इसी वर्ष जनवरी में उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। बातचीत के दौरान उन्हें एमएस फार्ले नाम की कथित स्टॉक ब्रोकर फर्म के प्रतिनिधियों से जोड़ा गया। माइकल कॉलिन्स और जतिन शर्मा नाम बताने वाले लोगों ने खुद को भारत में कंपनी का प्रतिनिधि और सेबी से पंजीकृत बताया। उन्होंने घर बैठे ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर पीड़ित को निवेश के लिए तैयार कर लिया।
ऐप पर दिखाया मुनाफा, फिर खाते में जमा कराए लाखों रुपये
आरोपियों ने पीड़ित से एक मोबाइल ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराया और शुरुआती निवेश पर लाभ दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर दस से अधिक किश्तों में कुल ₹59 लाख ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने मुनाफे और मूल राशि को निकालने का प्रयास किया तो न तो पैसे मिले और न ही आरोपियों से कोई संपर्क हो सका। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही साइबर थाना पुलिस को भी तहरीर दी गई। साइबर डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और धन के लेनदेन की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






