नोएडा में बारिश का येलो अलर्ट जारी, 31 डिग्री पहुंचा पारा, उमस से बेहाल लोग, 3 अगस्त को भारी बारिश के आसार
- Shiv Kumar
- 29 Jul, 2026
नोएडा में मंगलवार की बारिश के बाद बुधवार सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह से आंशिक बादल छाए रहे और हल्की धूप निकलने से लोगों को तेज उमस से कुछ राहत मिली। हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जिले के लिए बुधवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में एक बार फिर जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने भी संभावित बारिश को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।
90 प्रतिशत नमी से बनी हुई है उमस
आईएमडी के अनुसार बुधवार को जिले में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी का स्तर 90 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जिसके कारण तापमान अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद लोगों को उमस महसूस हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जुलाई से 2 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि 3 अगस्त को जिले में भारी बारिश हो सकती है। इसी संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
बारिश के बाद सफाई अभियान और नालों की निगरानी तेज
मंगलवार की बारिश के बाद शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों से पानी उतर गया, लेकिन कई कॉलोनियों और आंतरिक सड़कों पर कीचड़ और गंदगी की समस्या बनी हुई है। बरौला, सरफाबाद समेत कई इलाकों में नगर निगम की टीमें सफाई अभियान चला रही हैं। इसके साथ ही संभावित बारिश को देखते हुए नालों की सफाई का काम भी तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि जलभराव की स्थिति बनने पर तुरंत पानी की निकासी कराई जा सके। अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






