नोएडा में खुला नाला बना काल, नाले में गिरकर 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे सवाल
- Shiv Kumar
- 30 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद एक बार फिर खुले नालों को लेकर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाले को समय रहते ढका गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
खुले नाले में गिरने से गई जान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मामूरा निवासी 70 वर्षीय रुमाल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी कारणवश खुले नाले में उल्टा गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। घटना के समय मौके पर पुलिस और मृतक के परिजन मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
प्राधिकरण की व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खुले नाले को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि खुले नाले लंबे समय से हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने मांग की है कि ऐसे स्थानों को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






