नोएडा में साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़, युवती समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-चेकबुक और डेटा लिस्ट बरामद
- Shiv Kumar
- 30 Jul, 2026
नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस ने ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवती समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, चेकबुक और बैंक खातों से जुड़ी डाटा लिस्ट बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह साइबर अपराधियों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराकर ठगी के पैसों के लेनदेन में मदद करता था।
म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम होती थी ट्रांसफर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर या उपलब्ध कराकर उन्हें साइबर अपराधियों को सौंपते थे। ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर की जाती थी, जिससे पैसे का वास्तविक स्रोत छिपाया जा सके। इसके बदले आरोपी कमीशन प्राप्त करते थे।
मोबाइल, चेकबुक और डाटा लिस्ट बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, चेकबुक और बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण डाटा लिस्ट बरामद की है। बरामद डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों का इस्तेमाल किन-किन साइबर ठगी के मामलों में किया गया।
ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत हुई कार्रवाई
थाना फेस-3 पुलिस ने ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। साथ ही साइबर अपराधियों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






