नोएडा में रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी से 2.23 करोड़ की साइबर ठगी, ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर लगाया चूना
- Shiv Kumar
- 31 Jul, 2026
नोएडा में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी को ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2.23 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित सेक्टर-21 के निवासी हैं। ठगी की यह वारदात 14 जून से 21 जुलाई के बीच 36 दिनों तक चली। मामले में सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
ट्रेडिंग के नाम पर बनाया भरोसा
पीड़ित का आरोप है कि साइबर अपराधियों ने खुद को अपस्टॉक्स कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उनसे संपर्क किया। शुरुआत में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद उन्हें विभिन्न माध्यमों से निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया और धीरे-धीरे बड़ी रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा ली गई। जब पीड़ित को मुनाफा निकालने में दिक्कत आने लगी और ठगों ने संपर्क करना बंद कर दिया, तब उन्हें अपने साथ हुई करोड़ों रुपये की ठगी का एहसास हुआ।
साइबर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित ने सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम लेन-देन, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस लोगों से भी अपील कर रही है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर मिलने वाले किसी भी आकर्षक ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति या सोशल मीडिया ग्रुप के कहने पर पैसे निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी और प्लेटफॉर्म की पूरी जानकारी अवश्य जांच लें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






