ग्रेटर नोएडा में पार्क में कुत्तों की लड़ाई छुड़ाने गई महिला पर डॉग ने किया हमला, शिकायत दर्ज कराने से किया इनकार
- Shiv Kumar
- 03 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में रविवार शाम पालतू कुत्तों के बीच हुई लड़ाई उस समय गंभीर घटना में बदल गई, जब बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर पिटबुल ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में पालतू कुत्तों की सुरक्षा और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर घुमाने के नियमों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद खत्म कर लिया है और पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बावजूद घटना को देखते हुए सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने पार्कों में कुत्तों को ले जाने पर रोक लगाने का फैसला लिया है।
दो पालतू कुत्तों की लड़ाई छुड़ाने गई महिला पर पिटबुल ने किया हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार, सेक्टर डेल्टा-1 के बी ब्लॉक में रहने वाला एक व्यक्ति अपने पिटबुल कुत्ते को पार्क में टहला रहा था। इसी दौरान उसका कुत्ता दूसरे पालतू कुत्ते से भिड़ गया। दोनों कुत्तों के बीच लड़ाई बढ़ती देख पड़ोस में रहने वाली गीता उन्हें अलग कराने के लिए आगे आईं। इसी दौरान पिटबुल ने अचानक उनके हाथ पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद दोनों कुत्तों के मालिकों के बीच बातचीत हुई और आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया। बताया गया कि दोनों परिवार एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और दोनों ही पशु प्रेमी हैं।
पुलिस में शिकायत नहीं, आरडब्ल्यूए ने पार्कों में कुत्तों पर लगाई रोक
घटना के बावजूद घायल महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया और पुलिस को इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई। ऐसे में मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि इस घटना ने सेक्टर के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसके बाद रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने एहतियात के तौर पर सेक्टर के सभी पार्कों में पालतू कुत्तों को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि यह फैसला पार्क में आने वाले बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पालतू कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमाते समय उनके मालिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






