ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रक्षा अड्डेला AOA चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 73.75 प्रतिशत मतदान के साथ नई प्रबंध समिति का हुआ गठन
- Shiv Kumar
- 03 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रक्षा अड्डेला अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (आरएएओए) के वर्ष 2026 के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। 2 अगस्त को आयोजित इस चुनाव में सोसायटी के सदस्यों ने उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लिया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष तथा पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई। इस बार प्रबंध समिति के 10 पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। कुल 518 पात्र मतदाताओं में से 382 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे 73.75 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। मतदान और मतगणना के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। निर्वाचन समिति ने इसे सोसायटी के लोकतांत्रिक माहौल और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी का सकारात्मक संकेत बताया।
पारदर्शिता के लिए स्वतंत्र पर्यवेक्षक की निगरानी में हुई पूरी प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन समिति ने नेफोवा की उपाध्यक्ष रंजना सूरी भारद्वाज को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। उन्होंने मतदान शुरू होने से लेकर मतगणना और परिणाम घोषित होने तक पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। निर्वाचन समिति का कहना है कि सभी चरण तय नियमों के अनुसार पूरे किए गए और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतगणना और सत्यापन के बाद राहुल राज, अमित कुमार झा, आदित्य भूषण, सर्वेश कुमार, नागेंद्र सिंह, अभिषेक तिवारी, जितेंद्र सिंह, अंबुज शर्मा, सौरभ शर्मा और श्यामली मित्रा को नई प्रबंध समिति के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देने का सिलसिला भी शुरू हो गया।
निर्वाचन समिति ने मतदाताओं और प्रशासन का जताया आभार
चुनाव संपन्न होने के बाद निर्वाचन समिति ने सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रत्याशी की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निभाई गई भूमिका की सराहना की। समिति ने मतदान करने वाले सभी सदस्यों, दोनों पक्षों के मतदान अभिकर्ताओं, चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और सहयोगी सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों का विशेष धन्यवाद दिया गया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकी। समिति ने उम्मीद जताई कि नई प्रबंध समिति सोसायटी के विकास और निवासियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






