ग्रेटर नोएडा के बिरौंडी में महिलाओं के लिए सिलाई कौशल विकास केंद्र शुरू, EIL के CMD अतुल गुप्ता ने किया उद्घाटन

top-news
ग्रेटर नोएडा के बिरौंडी में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के सहयोग से अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र में महिलाओं को आधुनिक सिलाई और परिधान निर्माण का प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रेटर नोएडा के बिरौंडी गांव में महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी ने इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सहयोग से अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र की शुरुआत की है। सोमवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल गुप्ता ने केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक सिलाई और परिधान निर्माण का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।




कौशल विकास के जरिए महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का अवसर

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत, फीता काटने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और सिलाई एवं परिधान निर्माण से जुड़े प्रशिक्षण का प्रदर्शन देखा। उन्होंने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी ली। अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीषा भाटिया ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल है। उन्होंने इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीण और आसपास की महिलाओं को रोजगार से जुड़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।




महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस

इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम समाज के समावेशी विकास और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने और अपने हुनर को रोजगार तथा स्वरोजगार का माध्यम बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिला लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस पहल के लिए संस्था एवं कंपनी का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी अतिथियों ने महिला प्रशिक्षुओं और परियोजना टीम के साथ समूह छायाचित्र खिंचवाया। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक सिलाई और परिधान निर्माण का प्रशिक्षण देकर उनकी आजीविका मजबूत करने और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *