ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा, दीवार ढहने से 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

top-news
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप कंपनी में आग बुझाने के दौरान दीवार और लोहे का बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत हो गई। तीन अन्य घायल हैं। पुलिस ने हादसे और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में मंगलवार तड़के लगी भीषण आग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे फायर ब्रिगेड के दो जवानों की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य फायरकर्मी घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आग पर काबू पाने की कार्रवाई चल रही थी और कंपनी की एक दीवार के साथ लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में पांच फायरकर्मी आ गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो जवानों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।


500 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला, फिर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार ईकोटेक-3 स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में तड़के अचानक आग लग गई। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाए जाते हैं तथा यहां करीब 1500 कर्मचारी कार्यरत हैं। घटना के समय नाइट शिफ्ट में लगभग 500 कर्मचारी मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने सबसे पहले कंपनी में फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। इसी दौरान सुबह करीब पांच बजे आग बुझाने का काम जारी था, तभी कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिससे मौके पर मौजूद फायरकर्मी मलबे में दब गए।


दो जवानों की मौत, तीन का इलाज जारी, जांच के आदेश

हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन रोहित यादव, मनीष कुमार और अमित कुमार घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह की मौत हो गई। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों और हादसे की विस्तृत जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी जांच होगी कि कंपनी में अग्नि सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *