नोएडा में डिजिटल ब्लैकमेलिंग का बड़ा मामला, जेल का डर दिखाकर 6.31 लाख ऐंठे, 11 महीने तक करता रहा परेशान
- Shiv Kumar
- 05 Aug, 2026
नोएडा में टेलीग्राम के जरिए एक कारोबारी को ब्लैकमेल कर 6.31 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने कारोबारी को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने और जेल भिजवाने की धमकी दी। डर के माहौल में पीड़ित से करीब 10 महीने तक कई किस्तों में लाखों रुपये ऐंठे गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 महीने तक धमकाकर वसूले लाखों रुपये
सेक्टर-22 निवासी पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि 4 जून 2024 से 24 अप्रैल 2025 के बीच टेलीग्राम के माध्यम से ठग लगातार उन्हें ब्लैकमेल करते रहे। आरोपियों ने आपत्तिजनक तस्वीरें भेजीं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके साथ ही जेल भिजवाने का डर दिखाकर अलग-अलग समय पर कई बैंक खातों में कुल 6.31 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
डर के कारण दोस्तों से उधार लेकर भी भेजे पैसे
पीड़ित के अनुसार, रकम देने के बाद भी आरोपियों की मांगें बंद नहीं हुईं। लगातार बढ़ते दबाव और बदनामी के डर से उन्होंने दोस्तों से उधार लेकर भी ठगों के खातों में पैसे भेजे। जब ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका, तब उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद ठग हुए फरार, पुलिस कर रही जांच
पीड़ित का कहना है कि एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिलते ही ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






