ग्रेटर नोएडा में फर्जी वकालत कर लोगों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकली नोटरी मोहर और दस्तावेज बरामद
- Shiv Kumar
- 05 Aug, 2026
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सूरजपुर कोर्ट परिसर में खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक फर्जी वकील को गिरफ्तार किया है। थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी को कोर्ट के गेट नंबर-2 के पास से दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी नोटरी मोहर, कूटरचित दस्तावेज और कोर्ट से जुड़े कई फर्जी प्रपत्र बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को जमानत दिलाने और मुकदमे लड़ने का झांसा देकर अवैध रूप से पैसे वसूल रहा था।
जमानत और मुकदमा लड़ने के नाम पर करता था ठगी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद को सूरजपुर कोर्ट का अधिवक्ता बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद जमानत कराने और कोर्ट में मुकदमा लड़ने का आश्वासन देकर उनसे रुपये लेता था। आरोपी फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था तथा उन पर नकली अधिवक्ता और नोटरी की मोहर लगाकर उन्हें वैध बताने की कोशिश करता था। पुलिस के अनुसार इस तरीके से वह काफी समय से लोगों से अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा था।
फर्जी नोटरी मोहर और दस्तावेज बरामद, पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीर सिंह सिसौदिया (40) निवासी ग्राम ऊंचा अमीपुर, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से कोर्ट से संबंधित पांच फाइलें और तीन कूटरचित अधिवक्ता/नोटरी मोहरें बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ थाना सूरजपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






