गौतमबुद्धनगर में 18 अगस्त से शुरू होगा विशेष एमआर टीकाकरण अभियान, स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का होगा टीकाकरण
- Shiv Kumar
- 06 Aug, 2026
गौतमबुद्धनगर में 18 से 28 अगस्त तक विशेष एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 5 से 10 वर्ष आयु के उन बच्चों को एमआर वैक्सीन लगाई जाएगी, जो किसी कारणवश पहले टीकाकरण से वंचित रह गए थे। इसके साथ ही 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह निर्णय मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स (DTF) की बैठक में लिया गया। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा ने बताया कि कोविड काल के दौरान नियमित टीकाकरण प्रभावित होने से इस आयु वर्ग के बच्चों में खसरा और रूबेला संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाएगा। अभियान के तहत 18, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 अगस्त को निर्धारित सत्र आयोजित होंगे।
एचपीवी टीकाकरण पर भी रहेगा विशेष फोकस
बैठक में बताया गया कि जनपद में 28 फरवरी 2026 से एचपीवी टीकाकरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 14 वर्ष आयु की पात्र बालिकाओं, जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है, को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। अधिकारियों को पात्र बालिकाओं की सूची तैयार कर समयबद्ध तरीके से उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस विभाग मिलकर करेंगे अभियान सफल
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र बच्चों और बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कोई भी पात्र बच्चा या बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






