नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी का बड़ा खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार, 98 मोबाइल और सैकड़ों पार्ट्स बरामद
- Shiv Kumar
- 06 Aug, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और लूट की वारदातों में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 98 चोरी और लूट के मोबाइल फोन, 100 डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल बॉक्स, 103 बैक पैनल, मोबाइल खोलने के उपकरण, एक अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइल और उनके पार्ट्स की कुल संख्या 300 से अधिक है। गिरोह राह चलते लोगों से मोबाइल लूटकर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था, जबकि अन्य आरोपी उनके पार्ट्स निकालकर बाजार में बेचने का काम करते थे।
रैपिडो की आड़ में करते थे मोबाइल स्नैचिंग
पुलिस के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-63 से सबसे पहले कुशल और रूपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लूटा गया एक मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में कुशल ने बताया कि वह रैपिडो चलाने की आड़ में अपने साथी के साथ राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनता था। वारदात के बाद दोनों चोरी और लूट के मोबाइल अपने अन्य साथियों को बेच देते थे।
मोबाइल के पार्ट्स निकालकर करते थे लाखों का कारोबार
दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि वे चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल 1500 से 2000 रुपये में खरीदते थे। इसके बाद मोबाइल के डिस्प्ले, बैटरी और अन्य पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेच देते थे। इस कारोबार से होने वाली कमाई को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल और उनके स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं।
दिल्ली से चोरी की बाइक भी बरामद, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






