ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरा, कुछ सेकेंड पहले वहीं खेल रहे थे बच्चे, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी फर्स्ट एवेन्यू में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर गिर गया। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद था, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। निवासियों ने लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में एक बार फिर फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई है। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सिटी फर्स्ट एवेन्यू में शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे एक फ्लैट की छत का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। घटना के समय फ्लैट में किराए पर रहने वाले अशोक कुमार की पत्नी और बच्चे मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन परिवार का कहना है कि कुछ मिनट पहले ही उनका बच्चा उसी जगह खड़ा था, जहां प्लास्टर गिरा। अगर वह वहां मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिवार और सोसाइटी के अन्य निवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।


वीडियो बनाकर बताई आपबीती, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

प्लास्टर गिरने के बाद तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। अशोक कुमार की पत्नी ने तुरंत घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि उनका बच्चा कुछ देर पहले तक उसी स्थान पर खेल रहा था, जहां छत का प्लास्टर गिरा। उन्होंने कहा कि यह महज संयोग था कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना गंभीर हादसा हो सकता था। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी हाईराइज इमारतों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।


एओए ने की घटना की पुष्टि, निवासियों में बढ़ी चिंता

सोसाइटी के एओए अध्यक्ष संदीप पाठक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे डी-157 नंबर फ्लैट में छत का प्लास्टर गिरा था। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आने से निवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने या किराए पर रहने के बावजूद यदि भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है।


बार-बार हो रहे हादसों पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि सोसाइटी में पहले भी कई बार अलग-अलग फ्लैटों में प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने संबंधित प्रबंधन और बिल्डर से पूरे भवन की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जरूरी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *