नोएडा में साइबर ठगी का नया तरीका, गैस कनेक्शन बंद होने का दिखाया डर, अगले दिन बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ाए 9.77 लाख रुपए
- Shiv Kumar
- 09 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर एक बुजुर्ग से 9.77 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को आईजीएल गैस कंपनी का अधिकारी बताया और वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग से बातचीत की। ठग ने गैस बिल बकाया होने की बात कहते हुए भुगतान की रसीद मांगी। बुजुर्ग ने भरोसा करते हुए वीडियो कॉल पर रसीद साझा कर दी। इसके अगले ही दिन उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए लाखों रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने के संदेश आने पर बुजुर्ग को ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-पी4 स्थित सीनियर सिटीजन होम कॉम्प्लेक्स का है।
गैस कनेक्शन कटने की बात कहकर बनाया दबाव
पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि 12 जनवरी 2026 को दोपहर करीब एक बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को आईजीएल गैस कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि गैस बिल का भुगतान नहीं किया गया है। आरोपी ने बकाया राशि जमा नहीं होने पर गैस कनेक्शन काटने की बात कही। बुजुर्ग ने जब बकाया होने से इनकार किया तो आरोपी ने उन्हें वीडियो कॉल पर जोड़ लिया। बातचीत के दौरान उसने भुगतान का प्रमाण मांगते हुए गैस बिल की रसीद साझा करने को कहा। बुजुर्ग ने आरोपी की बात पर भरोसा कर रसीद भेज दी। इसके बाद आरोपी ने कॉल काट दी।
अगले दिन खाते से निकलने लगे लाखों रुपये
पीड़ित के मुताबिक, रसीद साझा करने के अगले दिन शाम करीब 8 बजे से 8:40 बजे के बीच उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम निकलने के लगातार संदेश आने लगे। जब तक वह कुछ समझ पाते, छह से ज्यादा अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 9 लाख 77 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जा चुके थे। बुजुर्ग का कहना है कि किसी भी लेनदेन के लिए उनसे अलग से अनुमति नहीं मांगी गई। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क किया और मामले की सूचना साइबर हेल्पलाइन को दी।
पुलिस खंगाल रही ठगी का पूरा तरीका
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने बुजुर्ग के बैंक खाते से रकम निकालने के लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी गई। साइबर टीम लेनदेन से जुड़े विवरण और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






