नोएडा में पत्नी की मौत के मामले में पति गिरफ्तार, रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, धक्का लगने से दीवार से टकराया सिर

top-news
नोएडा के छपरौली गांव के पास महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रुपयों के विवाद में पति ने पत्नी को धक्का दिया था, जिससे उसका सिर दीवार से टकराया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

नोएडा के छपरौली गांव के पास झुग्गी में रहने वाली एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी बढ़ने के बाद पति ने पत्नी को धक्का दे दिया। धक्का लगने से महिला का सिर दीवार से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति ढेना लोहरा को शनिवार सुबह करीब 11 बजे छपरौली टी-प्वाइंट से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एक्सप्रेसवे थाने में गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे की है। गीता कुमारी अपने पति ढेना लोहरा के साथ सेक्टर-168 स्थित निंबस अरिस्टा के लेबर कैंप की झुग्गी में रहती थीं। दोनों मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। रात में किसी बात को लेकर दोनों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान ढेना ने गीता को धक्का दे दिया। धक्का लगने से उनका सिर दीवार से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।


कई दिन अस्पताल में चला इलाज, फिर महिला ने तोड़ा दम

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल गीता को अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनका कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन बीते रविवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। ठेकेदार आमीन की शिकायत पर पुलिस ने 1 अगस्त को एक्सप्रेसवे थाने में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं।


छपरौली टी-प्वाइंट से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी ढेना लोहरा को छपरौली टी-प्वाइंट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला है और नोएडा में मजदूरी करता था। वह वर्तमान में निंबस अरिस्टा के लेबर कैंप में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *