ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पति को दूसरी महिला के साथ देख भड़की पत्नी, दोनों महिलाओं में हुई मारपीट, वीडियो वायरल

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-2 में पति को दूसरी महिला के साथ देखने के बाद दो महिलाओं में मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों ने फिलहाल आपसी समझौता कर लिया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-2 स्थित 14th एवेन्यू में दो महिलाओं के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों महिलाएं एक-दूसरे से मारपीट करने लगीं। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का करीब 12 सेकेंड का वीडियो बना लिया, जो शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी ली।


पति-पत्नी के बीच पहले से चल रहा है विवाद

जानकारी के मुताबिक, संबंधित दंपती के बीच पहले से विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। शुक्रवार को पति की एक महिला मित्र गौर सिटी-2 के 14th एवेन्यू में स्थित अपना फ्लैट खाली कर रही थी। बताया गया कि उसने सामान शिफ्ट कराने में मदद के लिए युवक को वहां बुलाया था। इसी दौरान उसकी पत्नी को पति के वहां होने की जानकारी मिल गई और वह भी मौके पर पहुंच गई।


दूसरी महिला के साथ पति को देखकर बढ़ा विवाद

मौके पर पहुंचने के बाद पत्नी ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देखा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद दोनों महिलाओं के बीच पहुंच गया और दोनों में हाथापाई होने लगी। वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। करीब 12 सेकेंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


पुलिस के सामने दोनों पक्षों ने किया समझौता

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी, लेकिन किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और आगे किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई।


वायरल वीडियो की पुलिस कर रही जांच

डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए बिसरख थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ घटना की पूरी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *