जेवर एयरपोर्ट परिसर से 16.70 लाख की UTP केबल चोरी, स्टोर से 100 बॉक्स लेकर फरार हुए चोर, 35 हजार मीटर केबल गायब
- Shiv Kumar
- 09 Aug, 2026
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में एक निजी कंपनी के स्टोर से लाखों रुपये की UTP केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। टेलीफोन नेटवर्क और डेटा केबल बिछाने का काम कर रही लेबोटेक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से चोर करीब 100 बॉक्स UTP केबल लेकर फरार हो गए। कंपनी के मुताबिक, चोरी हुई केबल की कुल लंबाई करीब 35 हजार मीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 16.70 लाख रुपये बताई गई है। स्टोर का निरीक्षण करने के दौरान केबल के बॉक्स गायब मिले, जिसके बाद कंपनी की ओर से जेवर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने शनिवार शाम करीब 7 बजे एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब स्टोर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
स्टोर की जांच में गायब मिले 100 बॉक्स
लेबोटेक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर मैनेजर विनय कुमार तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी का स्टोर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में है। शनिवार को जब उन्होंने स्टोर का निरीक्षण किया तो वहां रखी UTP केबल के 100 बॉक्स गायब मिले। इसके बाद स्टोर में मौजूद कर्मचारियों से जानकारी ली गई और कंपनी स्तर पर भी केबल की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
35 हजार मीटर केबल की कीमत 16.70 लाख रुपये
कंपनी के अनुसार, स्टोर से चोरी हुई UTP केबल की लंबाई करीब 35 हजार मीटर है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। इतनी बड़ी मात्रा में केबल गायब मिलने के बाद कंपनी
प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत में चोरी की गई केबल बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
CCTV फुटेज से चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
जेवर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार के मुताबिक, पुलिस स्टोर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा चोरी से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्टोर से केबल कब गायब हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






