ग्रेटर नोएडा में UP इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियां तेज, प्रमुख सचिव ने लिया जायजा, अधिकारियों को काम पूरा करने के दिए निर्देश
- Shiv Kumar
- 10 Aug, 2026
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में सोमवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार शशि भूषण लाल सुशील ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में आयोजन को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों और प्रतिनिधियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, अग्निशमन और सूचना व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को और प्रभावशाली बनाने पर जोर
प्रमुख सचिव ने कहा कि ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण को पिछले आयोजनों की उपलब्धियों से आगे ले जाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन स्थल पर आने वाले उद्यमियों और प्रदर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही संभावित खरीदारों और निवेशकों के साथ प्रभावी बिजनेस कनेक्ट स्थापित कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन का उद्देश्य केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से निवेश, निर्यात, व्यावसायिक समझौतों और नए बाजारों के अवसर भी पैदा होने चाहिए।
एमएसएमई और ओडीओपी उत्पादों को मिलेगा बड़ा मंच
बैठक में प्रमुख सचिव ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र और औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को देश-विदेश के खरीदारों और निवेशकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलता है। इसलिए आयोजन में शामिल होने वाले संभावित खरीदारों और निवेशकों तक पहले से प्रभावी तरीके से पहुंच बनाने के लिए लक्षित अभियान चलाया जाए।
डिजिटल और सोशल मीडिया के जरिए होगा व्यापक प्रचार
प्रमुख सचिव ने ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, निर्यातकों, निवेशकों, शिक्षण संस्थानों और आम लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया। इसके अलावा आसपास के जिलों के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और शैक्षणिक संस्थानों को भी आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस
ट्रेड शो के दौरान ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल तक आगंतुकों की आसान पहुंच सुनिश्चित की जाए। संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। इसके साथ ही वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन के दौरान जाम जैसी स्थिति न बने।
आयोजन स्थल का निरीक्षण कर दिए जरूरी निर्देश
समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक समृद्धि का बेहतर अनुभव मिलना चाहिए। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने समय से तैयारियां पूरी करने का दिया भरोसा
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रमुख सचिव को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को निर्धारित समय से पहले अंतिम रूप देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सीओ इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






